IPL 2025 से सामने आए 10 फ्यूचर स्टार्स:प्रभसिमरन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड इंडियन; वैभव टी-20 सेंचुरी वाले यंगेस्ट प्लेयर
IPL को नया चैंपियन मिल चुका है। रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने पहला खिताब जीता। RCB ने PBKS को 6 रन से हरा दिया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या और शशांक सिंह जैसे अनकैप्ड इंडियंस ने प्रभावित किया। आज बात उन खिलाड़ियों की, जो IPL 2025 में चर्चा में आए और आने वाले समय में भारतीय टीम से डेब्यू कर सकते हैं। सबसे पहले बैटर्स… 1. प्रभसिमरन सिंह, पंजाब किंग्स
24 साल के ओपनर को पंजाब ने मेगा ऑक्शन में 4 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। पटियाला (पंजाब) के रहने वाले प्रभसिमरन मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड भारतीय है। उन्होंने पहली बार एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। प्रभसिमरन मौजूदा सीजन में 4 फिफ्टी के सहारे 549 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 160.52 का रहा है। प्रभसिमरन ने 2019 में IPL डेब्यू किया था। 2. प्रियांश आर्या, पंजाब किंग्स
24 साल के इस युवा ओपनर ने मौजूदा सीजन में पंजाब की ओर से डेब्यू किया है। दिल्ली के रहने वाले प्रियांश ने डेब्यू सीजन में शतक जमा दिया। प्रियांश को पंजाब किंग्स ने पिछले साल मेगा ऑक्शन में 3 करोड़ 80 लाख रुपए में खरीदा था। इस युवा बल्लेबाज ने 8 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 103 रनों की शतकीय पारी खेली थी। वे IPL 2025 में 179 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बना चुके हैं। इनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। 3. वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स
बिहार के बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी गुजरात के खिलाफ 35 गेंद पर शतक बनाकर चर्चा में आए। 14 साल के वैभव IPL इतिहास के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाला खिलाड़ी है। उन्होंने 19 अप्रैल 2025 को 14 साल और 23 दिन की उम्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया था। वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ में खरीदा था। वैभव ने मौजूदा IPL सीजन के 7 मैचों में 206.56 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। वैभव ने 2023-24 सीजन में बिहार के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू किया। उन्होंने 12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू कर इतिहास रच दिया था। 4. नेहल वाधेरा, पंजाब किंग्स
24 साल के नेहल बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। वे मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। लुधियाना के नेहल को पंजाब किंग्स ने 4.20 करोड़ में खरीदा था। बांए हाथ के बैटर नेहल ने 2023 में मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू किया था। नेहल मौजूदा सीजन के 16 मैचों में 2 फिफ्टी के सहारे 369 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 145.84 रहा है। नेहल ने पिछले दो सीजन में क्रमश: 109 और 241 रन बनाए थे। 5. नमन धीर, मुंबई इंडियंस
पंजाब के राइट हैंड बैटर नमन धीर को मुंबई इंडियंस ने इस साल 5.25 करोड़ में खरीदा था। उन्होंने 2024 में मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू किया था। तब मुंबई ने नमन को 20 लाख रुपए में खरीदा था। डेब्यू सीजन में नमन ने मुंबई के लिए मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हुए 7 मैचों में 177.22 की स्ट्राइक रेट से 140 रन बनाए थे। इस सीजन के 16 मैचों में नमन ने 252 रन बनाए। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में 182.61 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की। नमन ने अब तक खेले कुल 23 IPL मैचों में 180.65 के स्ट्राइक रेट से 392 रन बनाए हैं। इनमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है। 6. आशुतोष शर्मा, दिल्ली कैपिटल्स
मध्यप्रदेश के ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा को इस साल दिल्ली कैपिटल्स ने 3.80 करोड़ रुपए में खरीदा था। आशुतोष दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और बॉलिंग भी कर लेते हैं। 26 साल के आशुतोष ने पिछले साल पंजाब किंग्स की ओर से डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बाद पंजाब किंग्स ने आशुतोष को 2024 में 20 लाख रुपए में खरीदा। इम्पैक्ट प्लेयर बनाकर आशुतोष का इस्तेमाल किया गया, उन्होंने जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ आसानी से छक्के लगाए। 9 मैचों में करीब 167 के स्ट्राइक रेट से उनके नाम 189 रन रहे। हार्ड हिटिंग एबिलिटी ने मेगा ऑक्शन में आशुतोष की कीमत बढ़ा दी। इस सीजन में आशुतोष ने 13 मैच खेले हैं। उन्होंने 160.63 के स्टाइक रेट से एक अर्धशतक के सहारे 204 रन बनाए। उन्होंने कई अहम मौकों पर तेजी से रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। हालांकि, आशुतोष ने इस सीजन में गेंदबाजी नहीं की। ऑलराउंडर 7. विपराज निगम, दिल्ली कैपिटल्स
20 साल के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर विपराज निगम ने मौजूदा सीजन में दिल्ली की ओर से डेब्यू किया है। उन्हें दिल्ली ने मेगा ऑक्शन में 50 लाख रुपए में खरीदा था। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू मैच में 35 रन देकर एक विकेट लिया था। विपराज ने 15 बॉल पर 39 रन की पारी खेली थी। इतना ही नहीं, विपराज ने कोलकाता के खिलाफ 38 रन की पारी से भी प्रभावित किया था। उस मैच में उन्होंने दो विकेट भी लिए थे। उन्होंने डेब्यू सीजन में 179.75 के स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए। इतना ही नहीं, उन्होंने 11 विकेट भी झटके। इस सीजन में विपराज ने 9.13 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की। बॉलर्स 8. साई किशोर, गुजरात टाइटंस
बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर ने अपनी किफायती गेंदबाजी से सबसे प्रभावित किया है। वे एशियन गेम्स 2022 में भारत की युवा टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन भारतीय टी-20 टीम में स्थाई जगह नहीं बना सके हैं। चेन्नई के रहने वाले 28 साल के साई किशोर ने मौजूदा सीजन में गुजरात की ओर से अपनी असरदार और किफायती गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया है। उन्होंने 15 मैचों में 19 विकेट झटके हैं। साई ने इस IPL में 9.25 की इकोनामी से गेंदबाजी की। 2022 में IPL डेब्यू करने वाले साई किशोर ने पहले ही सीजन में गुजरात की ओर से खिताब जीता। गुजरात ने उन्हें मेगा ऑक्शन में राइट टु मैच (RTM) कार्ड का इस्तेमाल करके 2 करोड़ रुपए में अपने पास रखा था। वे अब तक खेले गए 25 IPL मैचों में 8.86 की इकोनॉमी से 32 विकेट ले चुके हैं। 9. दिग्वेश राठी, लखनऊ सुपर जायंट्स
25 साल के दिग्वेश सिंह राठी दाएं हाथ से लेग ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। उन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने पिछले साल मेगा ऑक्शन में 30 लाख रुपए में खरीदा था। दिल्ली के रहने वाले दिग्वेश राठी मौजूदा सीजन में अपने सेलिब्रेशन के कारण विवादों में रहे। उन्हें एक मैच का प्रतिबंध भी झेलना पड़ा। इसके अलावा दिग्वेश ने अपनी सटीक गेंदबाजी से भी प्रभावित किया है। उन्होंने अपने डेब्यू सीजन के 13 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। उन्होंने 8.25 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की। वे दिल्ली प्रीमियर लीग 2024 की रनरअप टीम साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स का हिस्सा भी रहे हैं। 10. यश दयाल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल अपने वैरिएशंस के लिए जाने जाते हैं। प्रयागराज के रहने वाले दयाल डेथ ओवर्स की गेंदबाजी में माहिर हैं। 27 साल के यश दयाल ने 2022 में गुजरात की ओर से डेब्यू किया था और 9 मैचों में 11 विकेट लेकर अपनी टीम को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया। 2023 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दयाल को अपने खेमे में शामिल किया। इस सीजन में दयाल ने 15 विकेट झटके, इनमें एमएस धोनी का वह विकेट भी शामिल है, जो दयाल ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई-बेंगलुरु मैच में लिया था। उसी विकेट की बदौलत टीम ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी। उस विकेट का ईनाम यश दयाल को 2024 की मेगा ऑक्शन में मिला, जब वे उन 3 प्लेयर्स में शामिल रहे। जिन्हें बेंगलुरु ने रिटेन किया था। दयाल ने मौजूदा सीजन में 15 मैच खेले हैं और 13 विकेट झटके हैं। उन्होंने 9.72 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की है। अश्विनी ने डेब्यू मैच 4 विकेट झटके, जीशान-अनिकेत ने भी प्रभावित किया
मौजूदा सीजन में डेब्यू करने वाले अश्विनी कुमार, विग्नेश पुथुर, जीशान अंसारी, अनिकेत वर्मा और उर्विल पटेल ने भी अपने-अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। अश्विनी ने मुंबई से डेब्यू करते हुए कोलकाता के खिलाफ 4 विकेट झटके। उन्होंने 11 मैचों में 11 विकेट झटके। उन्हीं की टीम के विग्नेश पुथुर ने 6 विकेट लिए हैं। हैदराबाद की ओर से जीशान अंसारी ने 6 विकेट लिए हैं, जबकि अनिकेत वर्मा ने एक फिफ्टी के सहारे 236 रन बनाए हैं। चेन्नई के उर्विल पटेल ने 3 मैचों में 212.50 के स्ट्राइक रेट से 68 रन बनाए। इनके अलावा, पंजाब के शशांक सिंह (350 रन), अंशुल कम्बोज (8 विकेट), आयुष म्हात्रे (240 रन) ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।