सीएम नायब सैनी ने अंशुल कंबोज को दी बधाई:बोले-हरियाणा का नाम रोशन किया, करनाल के तेज गेंदबाज को टीम इंडिया में मिली जगह
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने करनाल के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम में शामिल होने पर बधाई दी है। सीएम ने अंशुल से वीडियो कॉल पर बात करते हुए उनके चयन को गौरव की बात बताया और कहा कि आपने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ हरियाणा बल्कि देश का नाम ऊंचा किया है। सीएम ने अंशुल से उनका हालचाल भी जाना और इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए चुने गए अंशुल
अंशुल कंबोज को भारतीय टीम में बतौर कवर प्लेयर शामिल किया गया है। टीम इंडिया के दो मुख्य तेज गेंदबाज आकाश दीप और अर्शदीप सिंह फिट नहीं हैं, जिसके चलते 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट के लिए अंशुल को इंग्लैंड भेजा गया है। आकाश दीप को बर्मिंघम और लॉर्ड्स टेस्ट में खेलने के बाद कमर में दर्द की शिकायत है, जबकि अर्शदीप सिंह अब तक एक भी टेस्ट नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में अंशुल को मौका मिलने की पूरी संभावना जताई जा रही है। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ कर चुके हैं शानदार प्रदर्शन
24 वर्षीय अंशुल कंबोज ने टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। नॉर्थम्प्टन और कैंटरबरी में खेले गए दो मैचों की चार पारियों में उन्होंने कुल 5 विकेट झटके थे। उनका प्रदर्शन इतना प्रभावशाली रहा कि चयनकर्ताओं ने उन्हें सीनियर टीम के लिए चुनने में देर नहीं की। माना जा रहा है कि अंशुल को भविष्य का भरोसेमंद तेज गेंदबाज माना जा रहा है। अंशुल ने 17 फरवरी 2022 को रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद 2022-23 विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट की शुरुआत की और अपने प्रदर्शन से हरियाणा को पहली बार यह खिताब दिलाया। इसके साथ ही 2024 एसीसी इमर्जिंग टीम एशिया कप में भी वह भारत ए टीम का हिस्सा रहे। वहां भी उन्होंने अपना लोहा मनवाया। आईपीएल में भी चमके, चेन्नई और मुंबई का हिस्सा रहे
अंशुल कंबोज को आईपीएल में भी खेलने का मौका मिला है। वे अब तक मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी बड़ी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल में जब भी उन्हें खेलने का मौका मिला, उन्होंने प्रभावी प्रदर्शन किया। यही कारण है कि राष्ट्रीय टीम में उनकी एंट्री ने किसी को चौंकाया नहीं। अब तक अंशुल के नाम 47 प्रथम श्रेणी विकेट, 23 लिस्ट-ए विकेट और 17 टी-20 विकेट दर्ज हैं। रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ मैच में उन्होंने एक पारी में 10 विकेट लेकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था। उनके इसी निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें आज टेस्ट टीम तक पहुंचाया है। भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट 23 जुलाई से शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि अर्शदीप की जगह अंशुल कंबोज को अंतिम ग्यारह में मौका मिल सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह करनाल के लिए गर्व का क्षण होगा, जब यहां का एक युवा इंग्लैंड के मैदान पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।