ओलिंपियन हॉकी प्लेयर करेंगे शादी:हिसार की उदिता लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी रह चुकीं; जालंधर के मनदीप टीम की गोल मशीन
पंजाब के जालंधर के भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी और ओलिंपियन मनदीप सिंह जल्द हरियाणा की रहने वाली महिला हॉकी टीम की डिफेंडर उदिता कौर से शादी करने जा रहे हैं। दोनों की शादी का कार्ड भी सामने आया है। इसमें दोनों के नाम के आगे ओलिंपियन लिखा हुआ है। दोनों एथलीटों 21 मार्च (शुक्रवार) को जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में शादी के बंधन में बंध जाएंगे। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं और इस खास दिन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। दोनों खिलाड़ी देश के नाम कई खेल पदक लेकर आ चुके हैं। शादी के भव्य आयोजन के लिए परिवार गेस्ट लिस्ट तैयार कर रहा है, जिसमें खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियों के शामिल होने का अनुमान है। माना जा रहा है कि इस शादी में टीम इंडिया शामिल होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शादी के कार्ड में दोनों के नाम के आगे ओलिंपियन लिखा हुआ भारतीय हॉकी टीम के स्टार स्ट्राइकर मंदीप सिंह: गोल मशीन की कहानी सुरजीत हॉकी अकादमी से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर
पंजाब के जालंधर जिले के मिट्ठापुर निवासी मंदीप सिंह का जन्म 25 जनवरी 1995 को हुआ। मंदीप सिंह ने अपने हॉकी करियर की शुरुआत जालंधर की सुरजीत हॉकी अकादमी से की। यहां उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा और जल्द ही भारतीय हॉकी टीम में जगह बना ली। वे अपनी आक्रामक शैली और गोल करने की शानदार क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं। भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन
मंदीप सिंह अब तक दो हॉकी विश्व कप 2014 और 2018 खेल चुके है। 2018 एशियाई खेल, 2018 राष्ट्रमंडल खेल, 2013 एशिया कप, 2014 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल, 2013 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल, और 2016 व 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। भारत के लिए कई अहम गोल किए
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के स्टार स्ट्राइकर मंदीप सिंह को उनकी तेज रफ्तार, शानदार ड्रिब्लिंग और गोल स्कोरिंग क्षमता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में भारत के लिए गोल कर टीम को जीत दिलाई है। संघर्ष और मेहनत से मिली सफलता
साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले मंदीप ने अपनी मेहनत और लगन से हॉकी में ऊंचा मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और आने वाले टूर्नामेंट्स में भारतीय टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। डीएसपी हैं मनदीप सिंह, सीएम भगवंत मान ने दी थी नियुक्ति
मनदीप सिंह न सिर्फ हॉकी के मैदान में बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्हें पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त किया गया है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की थी। भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार डिफेंडर उदिता कौर: संघर्ष से सफलता तक का सफर हैंडबॉल से शुरूआत, हॉकी को बनाया जीवन का गोल हरियाणा के हिसार जिले के नंगल गांव से ताल्लुक रखने वाली उदिता का जन्म 14 जनवरी 1998 को हुआ था। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत हैंडबॉल से की थी। बाद में उन्होंने हॉकी को अपनाया और इस खेल में खुद को साबित किया। कई उतार-चढ़ाव के बावजूद, उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं भटकने दिया और मेहनत जारी रखी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका उदिता का सितारा
2017 में सीनियर टीम में डेब्यू करने के बाद, उदिता ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक, और 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। टोक्यो ओलिंपिक में निभाई अहम भूमिका
2021 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के चौथे स्थान तक पहुंचने में उदिता की अहम भूमिका रही। उनके शानदार डिफेंस और मैदान पर उनकी उपस्थिति ने टीम को मजबूती दी। महिला हॉकी इंडिया लीग में बनी सबसे महंगी खिलाड़ी
2024 में आयोजित महिला हॉकी इंडिया लीग की नीलामी में उदिता ने इतिहास रच दिया। वह इस नीलामी में सबसे अधिक बोली हासिल करने वाली खिलाड़ी बनीं, जिससे उनके शानदार खेल और लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। खेल जगत से बधाइयों की बरसात
जैसे ही शादी की खबर सामने आई, खेल जगत में बधाइयों की बौछार शुरू हो गई। साथी खिलाड़ी, कोच, और फैंस इस गोल्डन कपल को शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस जोड़ी को “हॉकी का परफेक्ट मैच” बता रहे हैं। अब सबकी निगाहें 21 मार्च पर टिकी हैं, जब यह स्टार कपल नए सफर की शुरुआत करेगा। हॉकी के ये धुरंधर भी रचा चुके हैं शादी… मोनिका मलिक और आकाशदीप सिंह ने नवंबर 2024 में की थी मैरिज भारतीय हॉकी टीम के दो स्टार खिलाड़ी मोनिका मलिक और आकाशदीप सिंह 15 नवंबर 2024 को शादी के बंधन में बंध गए थे। मोनिका महिला टीम की खिलाड़ी हैं और आकाशदीप पुरुष टीम के। मोनिका मलिक हरियाणा के सोनीपत के गोहाना के गांव गामड़ी की रहने वाली हैं। टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था। आकाशदीप सिंह तरनतारन के खडूर साहिब के गांव वीरोवाल के निवासी हैं। पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात हैं। 2020 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। दोनों की सगाई 13 नवंबर को जालंधर और 15 नवंबर को मोहाली में शादी हुई थी। विवाह पूर्व शगुन समारोह 13 नवंबर को जालंधर में आयोजित किया गया था, जहाँ मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह और सरदारा सिंह सहित कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी सितारे जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित थे। नेहा गोयल और सुनील की दोस्ती अंडर-17 राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हुई थी हरियाणा की ओलिंपियन हॉकी खिलाड़ी नेहा गोयल ने राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुनील कुमार के साथ 24 नवंबर 2024 को शादी की। सोनीपत की रहने वाली हैं और उन्होंने 2014 में सीनियर भारतीय राष्ट्रीय टीम में पदार्पण किया था। सुनील कुमार करनाल के रहने वाले है। नेहा और सुनील की दोस्ती अंडर-17 राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। दोनों की सोनीपत के रजवाड़ा पैलेस में शादी हुई थी। भारतीय हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला नाथ, हॉकी के चीफ कोच हरेंद्र सिंह, कोच प्रीतम सिवाच, असिस्टेंट कोच देव के अलावा हॉकी टीम से मुमताज, नवनीत कौर, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, उदिता, ज्योति आदि शादी में शामिल हुए थे। पीआर श्रीजेश और अनीश्या ने स्कूलिंग साथ की दो दशक पहले शुरू हुई इस लव स्टोरी के बाद पीआर श्रीजेश और अनीश्या जीवनसाथी बने थे। पीआर श्रीजेश और अनीश्या दोनों स्कूल से एक-दूसरे को जानते थे। स्कूल में पीआर श्रीजेश से ज्यादा नंबर लाने वाली अनीश्या एक वक्त भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर की सबसे बड़ी दुश्मन थी, लेकिन धीरे-धीरे ये दुश्मनी प्यार में बदल गई। अपनी लव स्टोरी के बारे में श्रीजेश ने बताया था कि वह कन्नूर में स्पोर्ट्स स्कूल में पढ़ रहे थे, जब अनीश्या ने 2001 में उसमें दाखिला लिया। मैं अच्छा छात्र था, टॉपर , सुपरस्टार था और शिक्षकों का फेवरेट। वह (अनीश्या) आई और मुझसे बेहतर निकली। हर चीज में अच्छे अंक। मुझे 50 में से 35 या 42 नंबर मिलते थे, लेकिन उसे 49 और 50 मिलते। मुझे उससे नफरत होने लगी। हम दुश्मन बन गए, लेकिन इसके बाद नफरत प्यार में तब्दील हो गया।