हरमनप्रीत और सविता हॉकी में पिछले साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी:हॉकी इंडिया ने 1975 वर्ल्ड कप विनर टीम को भी सम्मानित किया
हॉकी इंडिया ने शनिवार को 7वें एनुअल अवॉर्ड बांटे। नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में पेरिस ओलिंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और महिला टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवॉर्ड दिया गया। 50 साल पूरे होने पर 1975 में कुआलालम्पुर में भारत को एकमात्र वर्ल्ड कप जिताने वाली अजितपाल सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। पिछले साल पेरिस ओलिंपिक में 10 गोल करके भारत को लगातार दूसरा ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा- अवॉर्ड काफी मायने रखते हैं और युवाओं को इससे प्रेरणा मिलती है ।मैं उन्हें इतना ही कहूंगा कि नतीजे का दबाव लिए बिना कड़ी मेहनत करते रहें। तीसरी बार अवॉर्ड जीतने वाली पूर्व कप्तान सविता ने वीडियो संदेश में कहा- इस अवॉर्ड से मुझे आगे और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। यह मेरे साथी खिलाड़ियों को समर्पित है। साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार भी सविता को मिला। रोहिदास को बेस्ट डिफेंडर मिला
सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का परगट सिंह पुरस्कार अमित रोहिदास ने जीता जबकि सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजितपाल सिंह पुरस्कार हार्दिक सिंह को मिला। सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार अभिषेक को दिया गया।
वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ अंडर 21 महिला खिलाड़ी का असुंथा लाकड़ा पुरस्कार ड्रैग फ्लिकर दीपिका को मिला जबकि पुरूष वर्ग में जुगराज सिंह पुरस्कार अराइजीत सिंह हुंडल ने जीता। ———————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़िए… ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन से लक्ष्य सेन बाहर बर्मिंघम में चल रहे ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन 2025 के खिताबी मुकाबले से लक्ष्य सेन बाहर हो गए हैं। उन्हें क्वार्टर फाइनल में चीनी खिलाड़ी ली शि फेंग से 10-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर