सरकार ने सितंबर में GST से ₹1.73 लाख करोड़ जुटाए:सालाना आधार पर इसमें 6.5% की बढ़ोतरी, सितंबर 2023 में ₹1.62 लाख करोड़ GST कलेक्ट किया था
सरकार ने सितंबर 2024 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स, यानी GST से 1.73 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। सालाना आधार पर इसमें 6.5% की बढ़ोतरी हुई है। सरकार ने पिछले साल सितंबर में 1.62 लाख करोड़ रुपए GST कलेक्ट किया था। वहीं पिछले महीने अगस्त में सरकार ने GST से 1.75 लाख करोड़ रुपए जुटाए थे। यह कलेक्शन में सिंगल डिजिट की ग्रोथ का दूसरा महीना है और 39 महीनों में ग्रोथ की सबसे धीमी गति है। जून में ग्रॉस GST कलेक्शन 7.7% बढ़ा था। वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में 1.86 लाख करोड़ रुपए की तुलना में दूसरी तिमाही में एवरेज GST कलेक्शन की गति घटकर 1.77 लाख करोड़ रुपए मंथली रह गई है। वहीं सिंतबर लगातार सातवां महीना है, जब मंथली कलेक्शन 1.7 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। साल के पहले छह महीनों में GST कलेक्शन 10.87 लाख करोड़ रुपए रहा, जो वित्त वर्ष 24 की पहली छमाही की तुलना में 9.5% ज्यादा था। इकोनॉमी की हेल्थ दिखाता है GST कलेक्शन
GST कलेक्शन इकोनॉमी की ओवरऑल हेल्थ का एक संकेतक है। अप्रैल महीने के GST कलेक्शन के आंकड़ों पर KPMG के नेशनल हेड अभिषेक जैन ने कहा कि अब तक का हाईएस्ट GST कलेक्शन मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था को दर्शाता है। 2017 में लागू हुआ था GST
सरकार ने 1 जुलाई 2017 को देशभर में GST लागू किया था। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकारों के 17 करों और 13 उपकरों को हटा दिया गया था। GST के 7 साल पूरे होने पर वित्त मंत्रालय ने पिछले सात वर्षों के दौरान हासिल की गई उपलब्धियों को लेकर पोस्ट किया। GST एक इनडायरेक्ट टैक्स है। इसे वैराइटी ऑफ प्रीवियस इनडायरेक्ट टैक्स (VAT), सर्विस टैक्स, परचेज टैक्स, एक्साइज ड्यूटी और कई इनडायरेक्ट टैक्स को रिप्लेस करने के लिए 2017 में लागू किया गया था। GST में 5, 12, 18 और 28% के चार स्लैब हैं।