वर्ल्ड अपडेट्स:अफगानिस्तान का दावा- अमेरिका ने तालिबान लीडर हक्कानी पर से 10 मिलियन डॉलर का इनाम हटाया
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने दावा किया है कि अमेरिका ने तालिबान नेता और गृहमंत्री सिराजुद्दीन हक्कानी पर से 10 मिलियन डॉलर का इनाम हटा दिया है। हालांकि इस पर अभी तक अमेरिकी विदेश मंत्रालय की तरफ से कोई जानकारी नही दी गई है। अमेरिका ने 2010 में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया था।अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की बेवसाइट पर अभी वांटेड की लिस्ट में हक्कानी का नाम शामिल है। सिराजुद्दीन हक्कानी अफगानिस्तान और पाकिस्तान में सक्रिय कुख्यात हक्कानी नेटवर्क का प्रमुख है, जिसे अमेरिका ने 2012 में एक आतंकी संगठन घोषित किया था। हक्कानी को 2008 में काबुल के एक होटल पर हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है, जिसमें कई लोग मारे गए थे। तालिबान के 2021 में सत्ता में लौटने के बाद, हक्कानी को अफगानिस्तान का कार्यवाहक आंतरिक मंत्री बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. UNICEF ने तालिबान ने लड़कियों की शिक्षा पर लगे प्रतिबंध हटाने की अपील की, कहा- भविष्य खतरे में संयुक्त राष्ट्र की बाल एजेंसी UNICEF ने अफगानिस्तान में तालिबान से लड़कियों की शिक्षा पर लगे बैन को हटाने की अपील की है। एजेंसी ने शनिवार को कहा कि 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद लाखों लड़कियां शिक्षा से वंचित हैं। UNICEF के मुताबिक बैन की वजह से इस साल 4 लाख लड़कियां स्कूल नहीं जा सकी। इससे शिक्षा से वंचित लड़कियों की संख्या 22 लाख हो गई है। अफगानिस्तान में लड़कियों की माध्यमिक और उच्च शिक्षा पर पाबंदी है। UNICEF की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल के मुताबिक इस प्रतिबंध के चलते महिला डॉक्टरों और दाइयों की संख्या में भारी गिरावट होगी, जिससे लाखों महिलाओं को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पाएंगी। उनका अनुमान है कि इससे 1,600 माताओं और 3,500 नवजात शिशुओं की जान जा सकती है।