International

भारत की एयर स्ट्राइक पर वर्ल्ड मीडिया:डेली मेल बोला- 2 न्यूक्लियर पावर में जंग का खतरा, NYT ने कहा- भारत का पाकिस्तान पर हमला

Share News

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के ठीक 15 दिन बाद पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया है। ये वे ठिकाने हैं, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की साजिश रची जा रही थी और उन्हें अंजाम दिया जा रहा था। भारत ने इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’नाम दिया है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक हमले में 3 लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हैं। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के हमले का जवाब देने की कसम खाई है। अमेरिका मे न्यूयॉर्क टाइम्स से लेकर ब्रिटेन में BBC तक भारत की इस स्ट्राइक को प्रमुखता से कवर कर रहे हैं। देखिए किसने क्या लिखा…. वॉशिंगटन पोस्ट: भारत का पाक पर हमला, जंग की आशंका बढ़ी भारतीय सेना ने बताया है कि उसने उन 9 जगहों को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी और डायरेक्शन दिया गया था। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है। हमला फोकस्ड और नपा-तुला है। पाकिस्तान ने इन हमलों की निंदा की है। सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि ये हमले शर्मनाक थे। पाकिस्तान सही समय पर जवाब देगा। चौधरी ने कहा कि कम से कम तीन भारतीय मिसाइलों से हमलों की पुष्टि हुई है, जिसमें पाकिस्तान के पंजाब क्षेत्र के बहावलपुर शहर में एक मस्जिद के पास किया गया हमला भी शामिल है। BBC: भारत बोला- पाकिस्तान और PoK पर हमले किए हैं भारत सरकार का कहना है कि उसकी डिफेंस फोर्स ने पाकिस्तान और PoK में आतंकवादी ठिकाने पर हमला किया। वहीं पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता का कहना है कि इस्लामाबाद इस हमले का जवाब अपने चुने गए वक्त और जगह पर देगा। प्रवक्ता ने कहा- हमारी वायुसेना के सभी विमान हवा में हैं। भारत के हवाई क्षेत्र से किया गया यह एक कायराना हमला है। न्यूयॉर्क टाइम्स: आतंकी हमले के दो हफ्ते बाद भारत का पाकिस्तान पर अटैक भारत ने कहा कि उसकी डिफेंस फोर्स ने पाकिस्तान और PoK में 9 जगहों पर हमला किया है। वहीं पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों का कहना है कि पंजाब प्रांत और PoK में 5 जगहों पर हमले किए गए हैं। पाकिस्तानी सरकार ने कहा कि हम हमले का जवाब दिए बिना नहीं रहेंगे। जल्द ही भारत की अस्थायी खुशी, स्थायी दुख में बदल जाएगी। द गार्जियन: पाकिस्तान बोला- भारत के एक्शन का जवाब दे रहे हैं
पाकिस्तानी डिफेंस सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी वायुसेना ने पाकिस्तानी कंट्रोल इलाके पर हमले का बदला लेते हुए दो भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। पाकिस्तान की सरकारी टीवी के एक बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना भारत की हमले का मजबूती से जवाब दे रही है। पाकिस्तानी एयरफोर्स के सभी विमान सुरक्षित हैं। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि भारतीय मिसाइल हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए और 12 अन्य घायल हो गए। डेली मेल: 2 न्यूक्लियर पावर देश जंग की कगार पर पहुंचे भारत ने पाकिस्तान के कंट्रोल वाले कश्मीर में नौ पाकिस्तानी आतंकवादी ठिकानों पर बॉर्डर पार से मिसाइलें दागीं। भारतीय सेना की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि, भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। तीन पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक बुधवार तड़के भारतीय मिसाइलों ने PoK और देश के पूर्वी पंजाब प्रांत में हमला किया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक बम पंजाब के बहावलपुर शहर की एक मस्जिद पर गिरा, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई तथा एक महिला और आदमी घायल हो गए। फ्रांस 24: भारत का पाकिस्तान और PoK में 9 जगहों पर हमला
पाकिस्तानी टीवी चैनल ने बताया कि PoK की राजधानी मुजफ्फराबाद शहर के आसपास के पहाड़ों में और क्षेत्र के दो अन्य इलाकों पर कई जोरदार विस्फोट सुने गए हैं। भारतीय सेना ने कहा कि हम अपनी उस बात पर पूरी तरह से खरे उतर रहे हैं कि पहलगाम हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। CNN: पर्यटकों की हत्या के बाद भारत का पाकिस्तान पर हमला पाकिस्तान ने मंगलवार रात एक नोटिस जारी कर लाहौर और कराची के आसपास के एयर स्पेस को भारतीय हवाई हमलों के मद्देनजर बंद कर दिया। यह नोटिस भारतीय समयानुसार रात 2:00 बजे से शुरू होकर बुधवार को दोपहर 12:00 बजे तक जारी रहेगा। हाल के हफ्तों में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ते तनाव की वजह से एयर फ्रांस और लुफ्थांसा समेत कई एयरलाइनों ने पाकिस्तान के ऊपर से उड़ान भरने से परहेज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *