ब्रिटेन के प्रिंस हैरी को अमेरिका से नहीं निकालेंगे ट्रम्प:बोले- उनकी पत्नी के साथ पहले से समस्याएं हैं; वीजा में जानकारी छुपाने का आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने, ब्रिटिश प्रिंस हैरी को अमेरिका से डिपोर्ट करने से इनकार कर दिया है। ट्रम्प ने बताया कि वो ऐसा कोई प्लान नहीं कर रहे हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक ट्रम्प ने कहा कि, मैं ऐसा नहीं करना चाहता, मैं उन्हें छोड़ दूंगा। उनकी पत्नी के साथ पहले ही काफी समस्याएं हैं, वह भयानक है। दरअसल हैरी पर वीजा में ड्रग्स लेने की जानकारी छुपाने का आरोप लगा है। प्रिंस हैरी ने अपनी आत्मकथा स्पेयर में कोकीन, भांग और साइकेडेलिक ड्रग्स लेने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद हैरीटेज फाउंडेशन हैरी के वीजा एप्लिकेशन पर सवाल उठाए थे। फाउंडेशन का आरोप है कि हैरी ने वीजा एप्लिकेशन में नशे के इस्तेमाल की जानकारी छुपाई थी। ट्रम्प ने पांच महीने पहले बंद हो चुके हैरी के वीजा केस को खोलने के आदेश दिए हैं। आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन छोड़े चुके हैं हैरी प्रिंस हैरी शाही परिवार से विवाद के बाद आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन छोड़ चुके हैं। उनका नया पता अमेरिका का कैलिफोर्निया राज्य है। पिछले साल (2024) स्काई न्यूज ने टूरिज्म से जु़ड़ी चैरिटी ट्रैवलिस्ट के एक दस्तावेज के हवाले से इसकी जानकारी दी थी। इससे पहले तक हैरी हमेशा अपने प्राइमरी पते में ब्रिटेन लिखवाते थे। यह बदलाव 29 जून 2023 को किया गया। 29 जून 2023 को ही बकिंघम पैलेस ने इस बात की पुष्टि की थी कि हैरी और उनकी पत्नी मेगन अब ब्रिटेन का फ्रॉगमोर कॉटेज छोड़ चुके हैं। फ्रॉगमोर कॉटेज वही घर है, जिसे 2018 में उनकी शादी पर क्वीन एलिजाबेथ ने गिफ्ट किया था। दरअसल हैरी ने अपनी मेमोयर ‘स्पेयर’ में शाही परिवार को लेकर कई विवादित टिप्पणियां की थी। इसके बाद हैरी और उनके पिता किंग चार्ल्स के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद चार्ल्स ने हैरी से घर छोड़ने को कहा था। कैसे टूटा था शाही परिवार मार्च 2021 में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में मेगन ने शाही परिवार पर नस्लभेद के आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि शाही परिवार उनके बेटे आर्ची को प्रिंस नहीं बनाना चाहता था, क्योंकि उसके जन्म से पहले उन्हें डर था कि कहीं उसका रंग ब्लैक ना हो। इसके बाद शाही परिवार को एक स्टेटमेंट देना पड़ा था। स्टेटमेंट में कहा गया था कि शाही परिवार रंगभेद से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लेता है। ‘रॉयल परिवार में जिंदगी काफी अकेली थी’ मेगन ने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि शाही परिवार से जुड़ने के बाद उनकी आजादी काफी कम हो गई थी। रॉयल परिवार में वो काफी अकेला महसूस करने लगी थी। उन्हें दोस्तों के साथ लंच पर जाने की भी इजाजत नहीं थी। मेगन ने कहा था कि एक वक्त ऐसा भी आया था जब मैं पूरी तरह से टूट गई थी। मैं जीना नहीं चाहती थीं और मुझे सुसाइड के ख्याल भी आते थे। मेगन ने आगे कहा था, “उनकी सबसे बड़ी गलती यही थी कि उन्होंने शाही परिवार पर विश्वास किया। शाही परिवार ने वादा किया था कि उन्हें हमेशा सुरक्षित रखा जाएगा, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ।” इंटरव्यू के दौरान प्रिंस हैरी ने भी कहा था कि उन्हें अपने आप और अपनी पत्नी पर गर्व है, क्योंकि प्रेग्नेंसी के वक्त वो काफी बुरे दौर से गुजरीं थीं। डॉक्यूमेंटरी और किताब से रिश्ते और बिगड़े प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल के 2020 में राजशाही छोड़ते ही ब्रिटेन के राजपरिवार से रिश्ते खराब हो गए थे। इसके बाद पिछले साल नेटफ्लिक्स पर आई प्रिंस हैरी की डॉक्यूमेंटरी और उसके बाद उनकी किताब ‘स्पेयर’ ने दोनों पक्षों के बीच विवाद को और बढ़ा दिया। किताब और डॉक्यूमेंटरी में प्रिंस हैरी ने कई तरह से राज परिवार की आलोचना की है।