International

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बस पर आतंकी हमला:6 की मौत, 25 से ज्यादा घायल; बलूच आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी

Share News

पाकिस्तान के पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान के तुरबत शहर में शनिवार को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने एक बस में बम ब्लास्ट कर दिया। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 25 अन्य घायल हैं। इनमें से 5 घायलों की हालत गंभीर है। हमले में एक SSP रैंक के सीनियर पुलिस अधिकारी और उनका परिवार भी घायल हुआ है। पुलिस ने आशंका जताई है कि विद्रोहियों ने SSP को निशाना बनाने के मकसद से ही बस पर हमला किया था। फिलहाल घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। हमले के बाद BLA के एक प्रवक्ता ने वीडियो जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली। इससे पहले पिछले महीने भी यहां एक बम ब्लास्ट में 2 लोगों की मौत हो गई थी। क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी
डायचे वेले के अनुसार BLA पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत का सबसे बड़ा बलूच उग्रवादी समूह है। यह दशकों से पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ विद्रोह कर रहा है। यह ग्रुप बलूचिस्तान की आजादी और अपने इलाकों से चीन को बाहर निकालने की मांग कर रहा है। BLA ने पाकिस्तानी सिक्योरिटी फोर्सेज और चीन की CPEC परियोजना को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं। बलूचिस्तान में रहने वाले ज्यादातर बलूच लोग पाकिस्तानी सरकार से नाराज हैं। इन लोगों का कहना है कि सरकार उनके इलाकों के नेचुरल रिसोर्सेज का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रही है। BLA का कहना है कि लोकल आबादी को इन रिसोर्जेज से होने वाले मुनाफे में से कोई हिस्सा नहीं मिलता है। दावा- रूस की केजीबी ने दी ट्रेनिंग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलूच आर्मी में हजारों लड़ाके हैं। 2006 के बाद BLA पाकिस्तान की फौज और सरकार के लिए बहुत मुश्किल चुनौती बन गई है। इसके हमलों में सैकड़ों पाकिस्तानी फौजी मारे जा चुके हैं। दावा किया जाता है कि BLA के कुछ लड़ाकों को ट्रेनिंग रूस की पूर्व खुफिया एजेंसी केजीबी ने मॉस्को में दी। बाद में इन लोगों ने अपने साथियों को ट्रेंड किया। बलूच समुदाय को जानिए ​ बलूच एक सुन्नी मुस्लिम समूह है जो ईरान-पाकिस्तान सीमा के दोनों ओर और दक्षिणी अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में रहता है। पाकिस्तान में बलूचिस्तान का सबसे ज्यादा क्षेत्र आता है। इसके अलावा बलूचिस्तान का कुछ हिस्सा ईरान के सिस्तान में भी पड़ता है। बलूचिस्तान सोने, हीरे, चांदी और तांबे जैसे प्राकृतिक संसाधन पाए जाते हैं। प्राकृतिक रूप से समृद्ध होने के बाद भी इस इलाके की आबादी ईरान और पाकिस्तान के सबसे गरीब लोगों में से एक है। बलूचिस्तान में दो मुख्य कबीले मारी और बुगती हैं। इन दोनों का ही BLA पर दबदबा है। हालात ये हैं कि कई इलाकों में इनके डर की वजह से पाकिस्तानी फौज जमीन पर नहीं उतरती। इसलिए हवाई हमले किए जाते हैं। पेशावर में दो पक्षों की झड़प में 5 की मौत तुरबत के अलावा पाकिस्तान के पेशावर में शनिवार को तहकल इलाके में दो गुटों के बीच फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा 6 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस के मुताबिक मामला आपसी रंजिश का है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जो लोग फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक एक पक्ष शादी समारोह से लौट रहा था, तभी उनका सामना दूसरे पक्ष से इसके बाद दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में पहले विवाद चल रहा था। मामला संपत्ति और पुराने हत्याकांड से जुड़ा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है। अभी तक किसी को गिरफ्तार किया नहीं जा सका। ————————– पाकिस्तान से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… अफगानिस्तान बॉर्डर पर तालिबान-पाक सेना में झड़प:3 तालिबानी लड़ाके ढेर, 1 पाक सैनिक की मौत; 4 दिन पहले पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक की थी तालिबान ने शुक्रवार को अफगान सीमा के पास कुर्रम इलाके में पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला कर दिया। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक इसमें 1 पाक सैनिक की मौत हो गई है वहीं, कम से कम 9 घायल हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *