ट्रम्प से बहस के बाद जेलेंस्की की कुर्सी खतरे में:एक्सपर्ट्स बोले- सरकार गिराने में मदद कर सकती है US एजेंसी, रूस को मिलेगा फ्री हैंड
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की रूस के साथ जंग में मदद मांगने के लिए अमेरिका आए थे। यहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात में बात कुछ ऐसी पलटी कि जेलेंस्की को न सिर्फ खाली हाथ लौटना पड़ा, बल्कि अमेरिका से रिश्ते भी बिगड़ गए। व्हाइट हाउस में ट्रम्प और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ जेलेंस्की की बहस ग्लोबल पॉलिटिक्स में बड़ा बदलाव ला सकती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यूक्रेन में जेलेंस्की की कुर्सी पर खतरा पैदा हो गया है।जेलेंस्की में लोगों का विश्वास कम हो रहा है, जिससे उनकी सरकार गिराना आसान होगा। अमेरिका और यूक्रेन के बीच आए इस तनाव का दोनों देशों पर क्या असर पड़ेगा, जेलेंस्की, यूक्रेन और यूरोपीय नेताओं पर दबाव डालने के लिए ट्रम्प आगे क्या रणनीति अपना सकते हैं, आइए आपको बताते हैं एक्सपर्ट्स की राय… सबसे पहले तीन तस्वीरों में देखिए जेलेंस्की का अमेरिका दौरा… जेलेंस्की के तख्तापलट में मदद कर सकती है US सीक्रेट एजेंसी बनारस हिंदी यूनिवर्सिटी (BHU) में इंटरनेशनल रिलेशन के प्रोफेसर प्रियंकर उपाध्याय का कहना है कि ट्रम्प ने अपने सारे कार्ड खोल दिए हैं। व्हाइट हाउस में ट्रम्प के साथ बहस के बाद जेलेंस्की का मनोबल बुरी तरह कमजोर हो चुका है। यह भी मुमकिन है कि रूस यूक्रेन में तख्तापलट करवा सकते हैं। रूस पर भी आरोप लगे हैं कि उसने यूक्रेन में कठपुतली सरकार बनवाई थी। अगर रूस एक बार फिर ऐसी कोशिश करता है तो संभावना है कि अमेरिकी सीक्रेट एजेंसी CIA भी इसमें मदद कर सकती है। अनुमान की वजह: अमेरिका पहले भी अपने फायदे के लिए दुनिया में कई बार तख्तापलट करवा चुका है। 1980 के दशक में अफगानिस्तान से सोवियत यूनियन को बाहर करने के लिए अमेरिका ने तालिबान को बनाया। तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया। बाद में अमेरिका ने तालिबान के खिलाफ ही 20 साल लड़ाई लड़ी। पिछले साल बांग्लादेश में शेख हसीना की तख्तापलट में अमेरिका का हाथ होने का आरोप लगा था। राष्ट्रपति पुतिन ने आरोप लगाया था कि 2014 में अमेरिका की वजह से यूक्रेन के रूस समर्थक राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच का तख्तापलट हुआ था। ट्रम्प यूक्रेन के सामान पर टैरिफ लगा सकते हैं एमिटी यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल मामलों के एक्सपर्ट श्रीश पाठक का कहना है कि ट्रम्प दबाव बनाने के लिए रूस के साथ शांति वार्ता से यूक्रेन को पूरी तरह बाहर कर सकते हैं। आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए यूक्रेनी सामान पर टैरिफ लगा सकते हैं। इसके साथ ही वो नाटो को दी जाने वाली अमेरिकी मदद में कटौती का ऐलान कर सकते हैं, जिससे यूरोपीय देश ट्रम्प के हिसाब से काम करने को मजबूर हो सकते हैं। अनुमान की वजह: शुक्रवार को व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने जेलेंस्की पर आरोप लगाया था कि वो तीसरा विश्वयुद्ध कराने का जुआ खेल रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि भविष्य में इस युद्ध का असर अमेरिका पर भी पड़ेगा। इस पर ट्रम्प झुंझला गए और उन्होंने कहा कि हमें मत बताइए कि हमें क्या महसूस करना चाहिए। आप हमें कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। ट्रम्प अपने इलेक्शन कैंपेन के दौरान भी कई बार NATO ग्रुप की आलोचना कर चुके हैं। ट्रम्प का कहना है कि इस संगठन में अमेरिका सबसे ज्यादा फंडिंग देता है, जबकि इसमें शामिल सभी देशों पर बराबर की जिम्मेदारी होनी चाहिए। ट्रम्प यूक्रेन से हफ्तावसूली कर रहे, ये भारत के लिए भी संदेश JNU के प्रोफेसर राजन कुमार का कहना है कि ट्रम्प यूक्रेन पर दबाव बढ़ाने के लिए वहां इलॉन मस्क की कंपनी स्टार लिंक का इंटरनेट बंद कर सकते हैं। हथियार का सपोर्ट तो पूरी तरह बंद हो ही जाएगा। इसके साथ ही अब अमेरिका जेलेंस्की को सरकार के बेदखल करने की पूरी कोशिश करेगा। इसके लिए जेलेंस्की पर लगे करप्शन के मामलों को हाईलाइट किया जाएगा। इसके अलावा यूक्रेन में जो मौतें हो रही हैं उन्हें भी अमेरिका बढ़ा-चढ़ा कर बताएगा। अमेरिका, यूक्रेन में जेलेंस्की के विरोध में लोगों को भड़काएगा और रूस को पूरी तरह से फ्री हैंड दिया जाएगा। जब रूस को यह लगेगा की अब यूक्रेन को अमेरिका का सपोर्ट नहीं है तो वो हमले और तेज कर देगा। हाल फिलहाल की स्थिति में अमेरिका और यूरोप के रिश्तों में भी एक तरह का ब्रेक आ गया है। रविवार की मीटिंग में यूरोपियन यूनियन भले ही कोई भी फैसला ले लेकिन ब्रिटेन कभी भी अमेरिका के खिलाफ नहीं जाएगा। ब्रिटेन को यह भी डर है कि अगर अमेरिका ने उसका साथ छोड़ दिया तो उसकी भी स्थिति संकट में जाएगी। ट्रम्प यूक्रेन के साथ जो कर रहे हैं वो एक तरह की हफ्तावसूली है। इससे भारत जैसे देशों के लिए भी संदेश है कि अमेरिका के भरोसे कभी युद्ध में न उलझें। ट्रम्प का मुख्य मकसद अमेरिका को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। अनुमान की वजह- राष्ट्रपति ट्रम्प के सहयोगी इलॉन मस्क की कंपनी स्टार-लिंक यूक्रेन में इंटरनेट सर्विस देती है। व्हाइट हाउस में तीखी बहस के बाद मस्क ने भी जेलेंस्की को निशाने पर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा कि यह पता लगाने का समय आ गया है कि यूक्रेन को भेजे गए सैकड़ों अरब डॉलर का हकीकत में क्या हुआ। दूसरी तरफ अमेरिका ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र (UN) में यूक्रेन की तरफ से लाए गए एक प्रस्ताव का विरोध करते हुए रूस का समर्थन कर दिया था। बीते तीन सालों में यह पहली बार था जब अमेरिका ने यूक्रेन और यूरोपीय देशों के खिलाफ जाकर रूस का सपोर्ट किया हो। फिलहाल ट्रम्प का ध्यान अमेरिका को आर्थिक तौर पर मजबूत करने पर लगा हुआ है। इसके लिए वो अपने पड़ोसी कनाडा और मेक्सिको के साथ चीन पर भी भारी भरकम टैरिफ का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में मुमकिन है कि वो रूस के साथ बिजनेस डील को तैयार हो जाएं। ट्रम्प की पार्टी नहीं चाहती कि रूस कमजोर हो अंतरराष्ट्रीय संबंधों के एक्सपर्ट कमर आगा का कहना है कि अमेरिका यह जान चुका है कि यूक्रेन जंग जीत नहीं सकता है। ट्रम्प बिजनेसमैन हैं, ऐसे में उनका मानना है कि क्यों बेकार में पैसा खर्च किया जाए। अमेरिका ने यह सोचकर यूक्रेन का सपोर्ट किया था कि रूस तीन चार हफ्ते में पूरी तरह कमजोर हो जाएगा, या फिर पुतिन के खिलाफ विद्रोह हो जाएगा। अमेरिका का मानना था कि रूस के कमजोर होते ही अमेरिकी कंपनियां वहां निवेश करके फायदा उठा सकती हैं। अब पुतिन खुद अमेरिका को रूस में निवेश करने का न्योता दे रहे हैं। ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी नहीं चाहती है कि रूस बहुत ज्यादा कमजोर हो क्योंकि इससे यूरोप की अमेरिका पर निर्भरता कम हो जाएगी। इसके अलावा अमेरिका की यह भी रणनीति रही है कि चीन और रूस के गठजोड़ को कमजोर करना है। अमेरिका यह भी चाहता है कि अगर ईरान पर हमला किया जाता है तो रूस उसे मिलिट्री या लॉजिस्टिक सपोर्ट न दे। अनुमान की वजह: राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में अमेरिकी कंपनियों को रूस के साथ बिजनेस डील का ऑफर दिया है। पुतिन का कहना है कि अमेरिकी कंपनियां चाहें तो रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाके में खनिज संसाधनों के खनन में मदद कर सकती हैं। इसके साथ ही उन्होंने रूस के साइबेरिया वाले इलाके में भी खनन का ऑफर दिया। पुतिन ने कहा कि रूस के पास यूक्रेन की तुलना में कई गुना ज्यादा रेयर अर्थ मटेरियल हैं। रूस यहां मौजूद खदानों को डेवलप करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। ————————— ट्रम्प-जेलेंस्की की बहस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… ट्रम्प-जेलेंस्की में तीखी बहस, 8 तस्वीरें:व्हाइट हाउस में ऐसा पहली बार हुआ; US प्रेसिडेंट बोले- आप तीसरे विश्वयुद्ध का जुआ खेल रहे ट्रम्प, जेडी वेंस और जेलेंस्की के बीच बहस के दौरान ट्रम्प-वेंस और जेलेंस्की एक-दूसरे की तरफ उंगली दिखाते नजर आए। ट्रम्प ने कई बार जेलेंस्की को फटकार भी लगाई। व्हाइट हाउस के इतिहास में ऐसा पहली हुआ कि जब दो राष्ट्राध्यक्ष की चर्चा इतने तनाव भरे माहौल में हुई। पूरी खबर यहां पढ़ें… जेलेंस्की यूरोपीय देशों की समिट में शामिल होने लंदन पहुंचे:ब्रिटिश PM ने गले लगाया, कहा- हम आपके साथ, भले ही कितना भी वक्त लगे यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की आज यानी रविवार को लंदन में यूरोपीय देशों की एक समिट में शामिल होंगे। शनिवार को इंग्लैंड पहुंचने पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने जेलेंस्की का गले लगाकर स्वागत किया। यहां जेलेंस्की का जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर…