Sports

ओलिंपियन हॉकी प्लेयर्स ने शादी की:दुल्हन हिसार तो दूल्हा जालंधर का; मंदीप पंजाब पुलिस में DSP, उदिता मॉडलिंग की शौकीन

Share News

हरियाणा और पंजाब के 2 हॉकी ओलिंपियन शादी के बंधन में बंध गए हैं। हिसार की रहने वाली वुमन हॉकी टीम की डिफेंडर उदिता दूहन और जालंधर के रहने वाले हॉकी टीम के स्ट्राइकर मंदीप सिंह की शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में लावां (फेरे) लिए। इस दौरान दोनों के परिवार और भारतीय हॉकी टीम के कई खिलाड़ी मौजूद रहे। दोनों की शादी सिख रीति-रिवाज से हुई। कल यानी गुरुवार को मंदीप सिंह के घर पर प्री-वेडिंग फंक्शन हुआ था। मंदीप सिंह को हॉकी टीम की गोल मशीन कहा जाता है, वे फिलहाल पंजाब पुलिस में DSP के पद पर हैं। वहीं उदिता महिला हॉकी लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी रही हैं। इसके अलावा वे मॉडलिंग भी करती हैं। हॉकी प्लेयर्स की शादी की तस्वीरें… दोनों प्लेयर्स के बारे में सिलसिलेवार पढ़िए 1. उदिता की हैंडबॉल से शुरुआत, हॉकी को करियर बनाया
हरियाणा के हिसार जिले के नंगल गांव से ताल्लुक रखने वाली उदिता का जन्म 14 जनवरी 1998 को हुआ था। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत हैंडबॉल से की थी। बाद में उन्होंने हॉकी को अपनाया और इस खेल में खुद को साबित किया। 2. एशियाई, कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीते
2017 में सीनियर टीम में डेब्यू करने के बाद, उदिता ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक, 2022 कॉमनवेल्थ खेलों में कांस्य पदक, और 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। 3. टोक्यो ओलिंपिक में निभाई अहम भूमिका
2021 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के चौथे स्थान तक पहुंचने में उदिता की अहम भूमिका रही। उनके शानदार डिफेंस की वजह से वुमन हॉकी टीम ओलिंपिक के इस दौर तक पहुंची। 4. महिला हॉकी इंडिया लीग में बनी सबसे महंगी खिलाड़ी
2024 में आयोजित महिला हॉकी इंडिया लीग की नीलामी में उदिता ने इतिहास रच दिया। वह इस नीलामी में सबसे अधिक बोली हासिल करने वाली खिलाड़ी बनीं। उन्हें बंगाल टाइगर्स ने 32 लाख में लिया। गोल मशीन मनदीप, टोक्यो-पेरिस ओलिंपिक में टीम का हिस्सा
मनदीप सिंह का जन्म 25 जनवरी 1995 को पंजाब के जालंधर जिले के मिट्‌ठापुर गांव में हुआ। उन्होंने हॉकी की शुरुआत जालंधर की सुरजीत हॉकी एकेडमी से की। मंदीप सिंह अब तक दो हॉकी विश्व कप 2014 और 2018 खेल चुके हैं। 2018 एशियाई खेल, 2018 राष्ट्रमंडल खेल, 2013 एशिया कप, 2014 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल, 2013 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल, और 2016 व 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा वह टोक्यो और पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट रही इंडियन हॉकी टीम के मेंबर रह चुके हैं। टीम के स्टार स्ट्राइकर मंदीप सिंह को उनकी तेज रफ्तार, शानदार ड्रिब्लिंग और गोल स्कोरिंग क्षमता के लिए जाना जाता है। उनके खेल की बदौलत उन्हें पंजाब सरकार ने DSP के पद पर नौकरी दी है। मनदीप सिंह और उदिता कौर की शादी का कार्ड…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *